टाटीसिलवे (राँची): उषा मार्टिन फाउंडेशन द्वारा संचालित कौशल विकास कार्यक्रमों की कड़ी में आज टूल रूम, टाटीसिलवे में प्लंबिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का भव्य प्रमाण पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके युवाओं को मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।
सही एटीट्यूड और अनुशासन ही सफलता की कुंजी: मुकुल विश्वास
समारोह के मुख्य अतिथि, उषा मार्टिन के सीनियर जनरल मैनेजर श्री मुकुल विश्वास ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि केवल तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त कर लेना पर्याप्त नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा, “जीवन में बड़ी सफलता हासिल करने के लिए सही एटीट्यूड (नजरिया) और अनुशासन (डिसिप्लिन) को अपनाना अनिवार्य है। युवा अपने प्रशिक्षण को व्यावहारिक अनुभव के साथ जोड़ें, ताकि वे कौशल के क्षेत्र में मजबूत होकर स्वयं को आत्मनिर्भर बना सकें।”
अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ना लक्ष्य: डॉ. मयंक मुरारी
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे उषा मार्टिन फाउंडेशन के सीएसआर सचिव डॉ. मयंक मुरारी ने फाउंडेशन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन का प्राथमिक लक्ष्य केवल ट्रेनिंग देना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को कुशल बनाकर उसे रोजगार और स्वरोजगार के माध्यम से मुख्यधारा से जोड़ना है।
ब्यूटीशियन कोर्स की समीक्षा और फीडबैक
प्रमाण पत्र वितरण के साथ-साथ उषा मार्टिन फाउंडेशन द्वारा टूल रूम में संचालित ब्यूटीशियन कोर्स की भी विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान उपस्थित अतिथियों ने प्रशिक्षार्थियों से बातचीत की और उनके अनुभवों का फीडबैक लिया, ताकि भविष्य में प्रशिक्षण की गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जा सके।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर टूल रूम के प्राचार्य श्री एम.के. गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में टूल रूम की ओर से श्री आशुतोष मिश्रा और श्री देबाशीष घोष, जबकि उषा मार्टिन फाउंडेशन की ओर से श्री सचिंद्र कुमार, बरुण कुमार, मेवालाल महतो, संगीता कुमारी, मोनित भूतकुमार एवं भुवनेश्वर महतो ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
समारोह के अंत में श्री आशुतोष मिश्रा ने धन्यवाद ज्ञापन किया और सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
