राँची: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) मुख्यालय, राँची में बुधवार को एक भव्य एवं गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। अवसर था मार्च 2026 में अपनी सेवा पूरी कर सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों के विदाई का। समारोह में मुख्यालय के 05 कर्मियों समेत सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 99 कर्मियों को ससम्मान विदा किया गया।
मुख्यालय से सेवानिवृत्त हुए ये पांच रत्न
मुख्यालय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिन पांच कर्मियों को विदाई दी गई, उनमें शामिल हैं:
- श्री शशांक शेखर झा, महाप्रबंधक (सिविल)
- श्री राज कुमार, महाप्रबंधक (खनन)
- श्री बिजॉय कुमार रॉय, वरिष्ठ निजी सहायक (कॉर्पोरेट अकाउंट्स)
- श्री अब्दुल जबार अंसारी, पंप ऑपरेटर (जीएनसी विभाग)
- श्री श्याम किशोर प्रसाद, ईपी फिटर (ऑफिस मेंटेनेंस)
कर्मी ही संगठन की वास्तविक पूंजी: सीएमडी
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीएमडी श्री निलेंदु कुमार सिंह ने सेवानिवृत्त कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा, “किसी भी संगठन की वास्तविक पूंजी उसके कर्मी होते हैं। आप सभी ने अपने परिश्रम और समर्पण से सीसीएल को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। आपका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा।”
नए अध्याय की शुरुआत
निदेशक (मानव संसाधन) श्री हर्ष नाथ मिश्र ने इसे जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत बताया, वहीं निदेशक (योजना एवं परियोजना) श्री अनुप हंजुरा ने कर्मियों के अनुभव और ज्ञान को संगठन की ‘अमूल्य धरोहर’ करार दिया।
लघु फिल्म ने ताजा कीं यादें
समारोह के दौरान एक विशेष लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया, जिसमें सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने लंबे सेवाकाल के खट्टे-मीठे अनुभवों और स्मृतियों को साझा किया। इस भावुक क्षण में परिजनों के साथ-साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद थे।
सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को शॉल, पुष्पगुच्छ और स्मृति-चिह्न प्रदान कर उनके सुखद और स्वस्थ भविष्य की कामना की गई।


