बोकारो: बोकारो एयरपोर्ट के संचालन की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन अब आर-पार के मूड में है। शुक्रवार को बोकारो परिसदन सभागार में उपायुक्त (DC) श्री अजय नाथ झा की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में कड़े फैसले लिए गए। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि दुंडीबाग बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण मुक्त कराए गए स्थानों पर यदि दोबारा कब्जा होता है, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सीधे FIR दर्ज की जाएगी।
15 दिनों में बाउंड्री वॉल बनाने का आदेश
बैठक में BSL (बोकारो स्टील प्लांट) प्रबंधन को सख्त निर्देश दिए गए कि अतिक्रमण मुक्त कराए गए परिसर में 15 दिनों के भीतर कंक्रीट स्लैब के माध्यम से बाउंड्री वॉल का निर्माण पूरा करें। साथ ही, पूरे क्षेत्र में “ट्रेसपासर्स विल बी प्रोसिक्यूटेड” (अतिक्रमणकारियों पर मुकदमा चलाया जाएगा) के बोर्ड लगाने का निर्देश दिया गया है।
CCTV और पुलिस पिकेट से होगी निगरानी
सुरक्षा को चाक-चौबंद करने के लिए दुंडीबाग और आसपास के प्रमुख चौक-चौराहों पर CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा, क्षेत्र में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पिकेट की स्थापना पर भी चर्चा हुई। SDO चास, सुश्री प्रांजल ढांडा को निर्देश दिया गया कि वे चिह्नित स्थलों की सूची BSL प्रबंधन को सौंपें ताकि निगरानी तंत्र मजबूत हो सके।
सतनपुर पहाड़ी पर लगेगी हाई-इंटेंसिटी लाइट
एयरपोर्ट की तकनीकी बाधाओं को दूर करने के लिए उपायुक्त ने सतनपुर पहाड़ी पर एक सप्ताह के भीतर उच्च तीव्रता वाली फ्लैश लाइट/ऑब्स्ट्रक्शन लाइट लगाने का आदेश दिया। इसके साथ ही रनवे और परिसर में बची हुई झाड़ियों की सफाई और पेड़ों की छंटाई का काम भी जल्द पूरा करने को कहा गया है।
लाइसेंस और MOU पर जोर
बोकारो एयरपोर्ट से कमर्शियल उड़ानें शुरू करने के लिए प्रशासनिक प्रक्रियाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं:
- AAI और BSL के बीच एमओयू (MoU) का नवीकरण।
- प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से कंसेंट टू ऑपरेट (CTO) के लिए तत्काल आवेदन।
- DGCA लाइसेंस प्राप्त करने की प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करना।
सुरक्षा के कड़े मानक
हवाई अड्डे की सुरक्षा के लिए बॉम्ब थ्रेट कंटीजेंसी प्लान, डॉग स्क्वाड यूनिट की व्यवस्था, और BCAS सिक्योरिटी क्लियरेंस पर विस्तृत चर्चा की गई। आपातकालीन स्थिति के लिए एयरपोर्ट पर 2 ACFT वाहन और एम्बुलेंस की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी।
“सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें ताकि बोकारो एयरपोर्ट से विमानों का परिचालन जल्द से जल्द शुरू हो सके। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” — श्री अजय नाथ झा, उपायुक्त, बोकारो
बैठक में मुख्य रूप से उपस्थित रहे: पुलिस अधीक्षक (SP) श्री हरविंदर सिंह, DFO श्री नीतीश कुमार, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, SDO चास सुश्री प्रांजल ढांडा, सिविल सर्जन डॉ. ए.बी. प्रसाद, और AAI व BSL के वरिष्ठ अधिकारी।


