रांची// राष्ट्र प्रेम सर्वोपरि है। अपने स्वदेश के लिए कुछ कर जाने और मिट जाने के ज़ज्बे को सलाम करते हुए जवाहर विद्या मंदिर, श्यामली में 76 वां गणतंत्र दिवस विद्यालय प्रांगण में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।मुख्य अतिथि विद्यालय प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष संदीप कुमार सिन्हा और प्राचार्य समरजीत जाना ने संयुक्त रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया। तत्पश्चात् उन्होंने परेड का निरीक्षण किया।

एनसीसी कैडेट मेघा रानी की अगुवाई में तिरंगे को सलामी

एनसीसी कैडेट मेघा रानी की अगुवाई में एनसीसी, एनएसएस, तथा विद्यालय के 150 छात्र-छात्राओं ने तिरंगे को सलामी दी। वहीं विद्यालय की गायन मंडली ने देशभक्ति गीतों और मंचसंचालिका ने ओज परक उद्बोधन से वातावरण में ऊर्जा का संचार किया।

हमारे छात्र वैश्विक नेतृत्व में अग्रणी भूमिका निभा रहे -प्राचार्य समरजीत जाना

प्राचार्य समरजीत जाना ने मंच से सभी छात्रों और विद्यालय परिवार को 76वें गणतंत्र दिवस की शुभकामना दी और अपने उद्बोधन में भारतीय ज्ञान परम्परा में गणतंत्र की अवधारणा को स्पष्ट करते हुए कहा कि गणतंत्र की जड़े भारतीय ज्ञान परम्परा की लोकहित चिंतन की धारा से प्रस्फुटित हुई है। यही कारण है कि आज एनसीआरटी की पुस्तक के प्रथम पृष्ठ में संविधान की प्रस्तावना का अंश उदृत हैं। उन्होंने जेवीएम की शैक्षिक और खेल-कूद में नवीनतम उपलब्धियों की चर्चा की। उन्होंने कहा कि जेवीएम, श्यामली पारंपरिक ज्ञान, आधुनिक नवाचारों और विश्विक मानकों के बीच संतुलन बनाकर शिक्षा प्रदान कर रहा है जिससे हमारे छात्र वैश्विक नेतृत्व में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं।

मुख्य अतिथि माननीय संदीप कुमार सिन्हा ने गुणी जनों को नमन करते हुए गणतान्त्रिक व्यवस्था पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा की यह हमारे गणतंत्र की खूबसूरती है कि संविधान में समय के साथ सौ से अधिक बार संशोधन हो चुका है। उन्होंने अपने जीवन के अनुभव को साझा करते हुए छात्रों को मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ जीवन शैली अपनाते हुए जीवन में संघर्ष के लिए प्रेरित किया और अपने ज्ञान, मेधा और बुद्धि से समाज को सशक्त बनाने की अपील की।