रांची: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर झारखंड विधानसभा में एक विशेष दृश्य देखने को मिला। मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से झारखंड विधानसभा स्थित उनके कक्ष में राज्य की महिला विधायकों ने औपचारिक मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी महिला सदस्यों का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने महिला विधायकों को किया सम्मानित
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने उपस्थित सभी महिला विधायकों को सम्मानित किया। उन्होंने राज्य के विकास में महिलाओं की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि झारखंड के सर्वांगीण विकास के लिए महिलाओं की सक्रिय भागीदारी अनिवार्य है।
महिला उत्थान पर सरकार का संकल्प
मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने विधायकों से बातचीत में कहा, “झारखंड सरकार महिला सशक्तिकरण को लेकर पूरी तरह गंभीर है। हमारी सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित कर रही है, ताकि राज्य की आधी आबादी को समाज में बराबर का हक और सम्मान मिल सके।”
महिला विधायकों ने भी मुख्यमंत्री को अपनी शुभकामनाएं दीं और राज्य में महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और उनके आर्थिक उत्थान को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।


