राहे (रांची): झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के राहे पंचायत अध्यक्ष अर्जुन महतो के आकस्मिक निधन से पूरे सिल्ली विधानसभा क्षेत्र में शोक की लहर है। सोमवार को राहे पंचायत के पुराना नगर विकास भवन में एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों ने नम आंखों से अपने नेता को याद किया।
पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति
श्रद्धांजलि सभा में मुख्य रूप से उपस्थित जेएलकेएम के केंद्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा, “अर्जुन महतो सरल स्वभाव के धनी और पार्टी के एक मजबूत स्तंभ थे। उनका असमय चले जाना केवल उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरी पार्टी के लिए एक ऐसी क्षति है जिसे कभी पूरा नहीं किया जा सकता।”
क्या था मामला?
उल्लेखनीय है कि राहे प्रखंड के उरांवडीह निवासी अर्जुन महतो का 4 मार्च को बिजली के करंट की चपेट में आने से आकस्मिक निधन हो गया था। रिम्स (RIMS) में पोस्टमार्टम के बाद 5 मार्च को उनके पैतृक गांव उरांवडीह में अंतिम संस्कार किया गया था। आज आयोजित श्रद्धांजलि सभा में क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने एकजुटता दिखाते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
शोक संतप्त परिवार के साथ जुटे सैकड़ों लोग
इस मौके पर मृतक की पत्नी यमुना देवी, भाई शिव प्रसाद महतो, भाभी उगन देवी समेत परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित थे। श्रद्धांजलि देने वालों में जेएलकेएम के वरिष्ठ नेता सुभाष महतो, जगदीश महतो, अनंत महतो, लक्ष्मी के साथ-साथ सैकड़ों की संख्या में पार्टी पदाधिकारी, समर्थक और ग्रामीण शामिल हुए।


